16 April 2026

जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा-2025 अब सात जून को

, प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कालेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 की तिथि में बदलाव किया है। यह परीक्षा तीन मई को प्रस्तावित थी, जो अब सात जून को आयोजित की जाएगी।

आयोग के प्रभारी सचिव गौरव रंजन श्रीवास्तव की ओर से सभी जिलाधिकारियों को भेजे पत्र में बताया गया है कि तीन मई को पहले से ही नीट (यूजी)-2026 तथा उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा अवर अभियंता (सिविल) मुख्य परीक्षा आयोजित की जानी है। इसके कारण पर्याप्त संख्या में परीक्षा केंद्रों की सहमति नहीं मिल सकी, जिससे जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा की तिथि परिवर्तित की गई है। परीक्षा एक ही सत्र में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी। प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए दो वर्ग मीटर की दूरी सुनिश्चित करने के आधार पर 384, 480 या 600 अभ्यर्थियों की क्षमता वाले केंद्रों का चयन किया जाएगा। जिन विद्यालयों की क्षमता 768 या 960 अभ्यर्थियों से अधिक है, उन्हें ब्लाक ‘ए’ और ब्लाक ‘बी’ में विभाजित कर दो अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं। लेकिन इसके लिए अलग-अलग केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक ब्लाक के लिए अलग सहमति पत्र भी प्राप्त करना होगा। वहीं, 384 से कम क्षमता वाले विद्यालयों को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। प्रवक्ता भर्ती के 1516 पदों के लिए आयोग को 3,83,002 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

दो श्रेणियों में ही होगा परीक्षा केंद्रों का चयन : जनपदीय समितियों को दो श्रेणियों में केंद्र का चयन करना होगा। श्रेणी-ए में राजकीय माध्यमिक विद्यालय, राजकीय डिग्री कालेज, राज्य/केंद्र के विश्वविद्यालय/पालीटेक्निक राजकीय इंजीनियरिंग कालेज, राजकीय मेडिकल कालेज ही सम्मिलित होंगे। श्रेणी-बी में ऐसे सुविधा संपन्न वित्त पोषित शैक्षिक संस्थाएं सम्मिलित होंगी, जो पूर्व में संदिग्ध व विवादित या काली सूची में न रही हों।