16 April 2026

परिषदीय विद्यालयों का संचालन समय पूर्ववत करने के सम्बन्ध में ज्ञापन

 

विषय - परिषदीय विद्यालयों का संचालन समय पूर्ववत करने के सम्बन्ध में।


महोदय,


सादर अवगत कराना है कि कोरोना काल में शिक्षण संस्थानों के बन्द होने के कारण बच्चों / शिक्षार्थियों में लर्निंग गैप आ गया था। संस्थाओं के पुनः प्रारम्भ होने पर उक्त लर्निंग गैप को दूर करने के लिए टाइम एंड मोशन व्यवस्था के तहत विद्यालयों के संचालन समय में वृद्धि कर दी गई थी। कालान्तर में विद्यार्थियों में लर्निंग गैप की पूर्ति होने पर अन्य शैक्षणिक संस्थाओं का संचालन समय पूर्ववत कर दिया गया परन्तु प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों का संचालन समय परिवर्तित नही किया गया।


महोदय सूच्य हो कि वर्ष 2015 तक परिषदीय विद्यालयों का संचालन समय प्रातः 7 से 12 था। वर्ष 2016 में इसे प्रातः 8 से 1 कर दिया गया तथा पेंडेमिक के बाद वर्ष 2022 से लेकर अद्यतन विद्यालय संचालन समय प्रातः 8 से 2 बजे तक चल रहा है।


महोदय यहाँ ध्यातव्य है कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे छात्र कम आयु के होते हैं तथा शिक्षण अवधि अधिक होने के कारण छोटे बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जिससे उनकी नियमित उपस्थिति प्रभावित होती है परिणाम स्वरूप विभाग द्वारा निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति में बाधा उत्पन्न होती है। नवीन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत भी परिषदीय विद्यालयों का संचालन समय अधिकतम 5 घण्टे तय किया गया है।


अतः आपसे विनम्र आग्रह है कि छात्रहित एवं शिक्षाहित में टाइम एंड मोशन व्यवस्था समाप्त करते हुए परिषदीय विद्यालयों का ग्रीष्मकालीन संचालन समय प्रातः 7:30 से 12:30 अथवा प्रातः 8 से 1 बजे तक करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करें। ताकि विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति हो सके और विभाग द्वारा निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों की संप्राप्ति की जा सके.