हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

16 April 2026

एआई कोर्स कराने के नाम पर हो रहा फर्जीवाड़ा : एनडी द्विवेदी

 

डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने सीएम को पत्र भेज की रोक लगाने की मांग

लखनऊ। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ, लोक निर्माण विभाग ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आरोप लगाया है कि विभाग में मिशन कर्मयोगी के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को एआई और अन्य कोर्स पूरे करने के लिए बाध्य किया जा रहा है।


संघ के अध्यक्ष एनडी द्विवेदी का कहना है कि कम पढ़े-लिखे या अशिक्षित चतुर्थ श्रेणी फील्ड कर्मचारियों को मुख्यालय बुलाकर कोर्स करवाया जा रहा है। पंजीकरण के लिए फर्जी या दूसरे की ईमेल आईडी का उपयोग किया जा रहा है। मोबाइल न होने पर किसी अन्य का मोबाइल नंबर लगाया जा रहा है। तृतीय श्रेणी कर्मचारी अपना काम छोड़कर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के स्थान पर कोर्स पूरा कर रहे हैं। वे वीडियो चला रहे हैं और प्रश्नावली के उत्तर भी दे रहे हैं। सही उत्तर मिलने पर प्रमाणपत्र डाउनलोड कर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस प्रकार पूरी तरह से गलत ढंग से कोर्स की औपचारिकता पूरी की जा रही है।

इस प्रक्रिया से फील्ड और कार्यालय दोनों जगह कामकाज प्रभावित हो रहा है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपना कार्य छोड़कर मुख्यालय पर जमे हैं, वहीं तृतीय श्रेणी कर्मचारी अपने दायित्वों से हटकर इस कार्य में लगे हैं। डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के अध्यक्ष एनडी द्विवेदी ने समय बर्बाद करने वाले इस कृत्य को रोकने की मांग की है। **ब्यूरो**


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more