02 April 2026

निजी कॉलेजों में प्राचार्य व शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तय करेगी कमेटी

लखनऊ,  यूपी में निजी डिग्री कॉलेजों में प्राचार्यों व शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया व अनुमोदन स्तर के निर्धारण के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।



उच्च शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में बनी कमेटी में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के रजिस्ट्रार व वाराणसी के क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। निजी डिग्री कॉलेजों में अभी प्राचार्य व शिक्षकों की भर्ती के लिए उस जिले के संबंधित विश्वविद्यालय की ओर से चयन समितियों का गठन किया जाता है। एक्सपर्ट तय कर विश्वविद्यालय अपने स्तर पर ही यहां भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराता है। अब उच्च शिक्षा विभाग की ओर से नियुक्ति की प्रक्रिया व अनुमोदन के स्तर के निर्धारण के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी से 10 दिनों के भीतर इस संबंध में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। अभी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की गाइडलाइन के अनुसार विश्वविद्यालय अपने स्तर से चयन समिति तय करते हैं। अब नियुक्ति की प्रक्रिया व अनुमोदन स्तर के निर्धारण पर कमेटी जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी और फिर उसी के आधार पर प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


उच्च शिक्षा विभाग गुणवत्तापरक शिक्षा मिले इसके लिए उच्च शिक्षण संस्थानों पर शिकंजा कस रहा है। यही कारण है कि विभाग की ओर से कमेटी बनाकर प्रक्रिया में बदलाव की पहल की गई है। उच्च शिक्षा विभाग के उप सचिव राज जन्म चौहान की ओर से तीन सदस्यीय कमेटी के गठन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।