झटका : कमर्शियल गैस सिलेंडर, हवाई सफर और महंगा
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। पश्चिम एशिया संकट से बीते दिनों अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में तेज उछाल का असर भारत में देखने को मिल रहा है। सरकारी तेल कंपनियों ने बुधवार को वाणिज्यिक और पांच किलो के एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए। प्रीमियम पेट्रोल-डीजल के साथ ही विमान ईंधन की कीमतों में भी इजाफा किया गया है।
कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत 195.50 रुपये बढ़ा दी है। दिल्ली में अब इसकी कीमत 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले एक मार्च को 114.5 रुपये बढ़ाए गए थे। वहीं, पांच किलो के सिलेंडर के दाम 51 रुपये बढ़ाए गए हैं।
प्रीमियम पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़े : देश में बिकने वाले चुनिंदा प्रीमियम या ब्रांडेड पेट्रोल और डीजल के दाम 12 दिन बाद दोबारा बढ़ाए गए हैं। इससे 'एक्स्ट्रा ग्रीन' डीजल की कीमत 1.50 रुपये बढ़कर 92.99 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, 100 ऑक्टेन पेट्रोल (एक्सपी100) की कीमत 11 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इससे पहले 20 मार्च को भी प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2.30 रुपये तक वृद्धि की गई थी।
इंडिगो ने शुल्क बढ़ाया : विमान ईंधन की कीमत बुधवार को बढ़ाकर रिकॉर्ड 2.07 लाख रुपये प्रति किलोलीटर हो गई। इसके बाद इंडिगो ने ईंधन शुल्क की दरों को संशोधित किया है। अंतरराष्ट्रीय सेवा के लिए शुल्क 900 से दस हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 14 मार्च को ईंधन शुल्क में घरेलू उड़ान सेवा पर 425 रुपये का शुल्क लगाया गया था।
कच्चा तेल गिरा: इस बीच बुधवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम गिरकर सौ डॉलर के करीब पहुंच गए। ट्रंप के युद्ध खत्म करने के संकेतों के चलते दामों में गिरावट देखी जा रही है।

