आउटसोर्स कर्मियों का बढ़ेगा मानदेय, योगी सरकार जल्द करेगी घोषणा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जल्द ही आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी करने जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत करीब चार लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार ने आउटसोर्स कर्मियों को चार श्रेणियों में बांटते हुए उनके मानदेय को 20 हजार से 40 हजार रुपये प्रति माह तक तय करने की तैयारी की है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत श्रेणी-1 के कर्मियों को 40 हजार रुपये, श्रेणी-2 को 25 हजार रुपये, श्रेणी-3 को 22 हजार रुपये और श्रेणी-4 को 20 हजार रुपये मासिक मानदेय दिए जाने की योजना है।
बताया जा रहा है कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी के बाद अब आउटसोर्स कर्मियों को भी राहत देने की तैयारी है। इसके लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन पहले ही किया जा चुका है और निगम के तहत आवश्यक पदों पर नियुक्तियां भी शुरू हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार जल्द ही मानदेय वृद्धि की तिथि की औपचारिक घोषणा कर सकती है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस निर्णय को जल्द लागू करने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक जनसभा में कहा था कि सरकार श्रमिकों के हित में काम कर रही है और उन्हें उचित मानदेय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके साथ ही सरकार सफाई कर्मियों सहित अन्य आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए न्यूनतम मानदेय की गारंटी सुनिश्चित करने और इसे सरकारी विभागों के साथ औद्योगिक संस्थानों में भी लागू करने की दिशा में काम कर रही है।

