● विषय विशेषज्ञ शिक्षक तैयार करेंगे यह वीडियो ● परिषदीय स्कूलों में इसकी मदद से होगी पढ़ाई
लखनऊ, । परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के विद्यार्थियों को रोचक ढंग से पढ़ाई कराने पर जोर दिया जा रहा है। सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्रों (डायट) में डिजिटल स्टूडियो बनाए जाएंगे। जिसकी मदद से विषय विशेषज्ञ शिक्षक विभिन्न विषयों के रोचक वीडियो तैयार करेंगे। जिससे विद्यार्थी आसानी से कठिन से कठिन पाठ समझ सकेंगे।
परिषदीय स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास की सुविधा दी जा रही है। लगातार स्कूलों में स्मार्ट क्लास की संख्या बढ़ रही है। वहीं शिक्षकों को टैबलेट भी उपलब्ध कराए गए हैं। ऐसे में निजी स्कूलों की तर्ज पर इन सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी कठिन से कठिन पाठ रोचक ढंग से वीडियो की मदद से पढ़ाया जाएगा। विभिन्न कक्षाओं में विषयवार यह वीडियो डायट के प्रवक्ता तैयार करेंगे। वह कोर्स में जुड़ रहीं नई चीजों को किस तरह छात्रों को पढ़ाया जाए इस पर शोध कर रोचक वीडियो तैयार करेंगे। यह ई-कंटेंट व वीडियो विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। स्मार्ट क्लास में विद्यार्थी इन वीडियो की मदद से अपने कठिन से कठिन पाठ को आसानी से समझ सकेंगे। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह तकनीकी का भरपूर उपयोग कर छात्रों को रोचक ढंग से पढ़ाई कराएं। ऐसे में यह शैक्षिक वीडियो छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे। अलग-अलग डायट विभिन्न विषयों पर अपने विषय विशेषज्ञ प्रवक्ताओं की मदद से इसे तैयार कराएंगे।
फिर इसे राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के माध्यम से स्क्रीनिंग कराकर छात्रों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

