नई दिल्ली, एजेंसी। जनगणना के तहत जिला स्तर पर बुनियादी ढांचों का आंकड़ा भी जुटाया जाएगा। रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है।
बताया गया कि जनगणना का पहला चरण समाप्त होने के दो महीने बाद स्थानीय निकायों के अधिकारी जिला जनगणना पुस्तिका बनाएंगे। इसके लिए 784 जिलों में नागरिक सुविधाओं पर बुनियादी ढांचों का आंकड़ा जुटाया जाएगा। इसमें गांव और शहर के स्तर पर बुनियादी ढांचों का ब्योरा होगा। पत्र में जनगणना के पहले चरण-हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस के पूरा होने के दो महीने बाद हैंडबुक कार्य 30 दिनों के अंदर पूरा करने को कहा गया है।

