जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने पर 22 प्रगणकों को नोटिस, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
रायबरेली: नगर पालिका परिषद क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य में बड़ी लापरवाही सामने आई है। ड्यूटी से गायब और संपर्क से बाहर चल रहे 22 प्रगणकों (Enumerators) को विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है।
नगर पालिका परिषद के कर अधीक्षक अनिरुद्ध सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के सुचारू संचालन के लिए नियुक्त किए गए सभी प्रगणकों को जरूरी दस्तावेज और आवश्यक अभिलेख पहले ही उपलब्ध करा दिए गए थे। इसके बाद जब काम की प्रगति (प्रोग्रेस रिपोर्ट) और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां लेने के लिए इन प्रगणकों से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो 22 प्रगणकों से कोई संपर्क नहीं हो सका।
जवाब न देने पर होगी कानूनी कार्रवाई कर अधीक्षक के मुताबिक, इन सभी लापता और लापरवाह प्रगणकों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। उन्हें एक तय समय सीमा के भीतर अपना जवाब दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि जनगणना का काम हर हाल में समय पर पूरा होना चाहिए। यदि इसके बावजूद प्रगणक अपने काम में रुचि नहीं दिखाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

