09 June 2026

पीजीटी परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15 जून से शुरू

पीजीटी परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15 जून से शुरू

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से प्रवक्ता (पीजीटी) 2022 परीक्षा का साक्षात्कार 15 जून से शुरू होकर 27 जून शनिवार तक होगा। साक्षात्कार के लिए आयोग ने सभी 18 विषयों के साक्षात्कार की तिथि जारी कर दी है। इसके साथ ही परीक्षार्थियों ने आयोग की वेबसाइट से साक्षात्कार पत्र डाउनलोड करना शुरू कर दिया है।


18 विषयों में 624 पदों के लिए लिखित परीक्षा नौ व 10 मई को आयोजित की गई थी। परीक्षा में 1,92,934 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। दो जून को सफल अभ्यर्थियों का परिणाम आयोग ने घोषित कर दिया था। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार के अनुसार साक्षात्कार के पहले दिन वाणिज्य कला, मनोविज्ञान, कृषि और गृह विज्ञान के परीक्षार्थियों का साक्षात्कार होगा।

इसके बाद 16 जून को भौतिक विज्ञान, इतिहास, 17 जून को रसायन विज्ञान, समाजशास्त्र, 18 जून को नागरिक शास्त्र और गणित, 19 जून को जीव विज्ञान का साक्षात्कार होगा। इसके अलावा 20 जून को संस्कृत, 22 जून को भूगोल, शिक्षा शास्त्र, 23 जून को अर्थशास्त्र, 24 जून को अंग्रेजी, 25 जून को अंग्रेजी और हिंदी, 27 जून को हिंदी विषय का साक्षात्कार होगा।


अंग्रेजी साहित्य के अभ्यर्थियों को संशोधित अंक पत्र देने के निर्देश

प्रयागराज। लोक सेवा आयोग ने सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) परीक्षा 2025 के अंतर्गत अंग्रेजी साहित्य विषय के अभ्यर्थियों को संशोधित अंक पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। आयोग के अनुसार शैलेंद्र सिंह के अनुराग 17 मई को आयोजित अंग्रेजी विषय की मुख्य परीक्षा में ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने स्नातक स्तर पर अंग्रेजी साहित्य विषय का अध्ययन किया है, उन्हें अपने शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराना होगा।


सहायक आचार्य राजकीय परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी

प्रयागराज। लोक सेवा आयोग ने सहायक आचार्य राजकीय महाविद्यालय (प्रा.) परीक्षा 2025 के हिंदी विषय के प्रश्नपत्र को स्कैन कर प्रश्न और उत्तर आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। वेबसाइट पर प्रश्न और उत्तर 15 जून तक रहेंगे। परीक्षा नियंत्रक हरदेव पांडेय के अनुसार अभ्यर्थी प्रश्न-पुस्तिका का कोड संख्या 1096137 के आधार पर उत्तरों का मिलान कर लें।

परीक्षार्थी चित्रकला विषय की 31 मई को आयोजित परीक्षा के उत्तरों का मिलान आयोग की वेबसाइट से कर लें। कोई आपत्ति हो तो बार कोड 1031593 की प्रश्न पुस्तिका में अंकित प्रश्नों के क्रम संख्या और उसी के अनुसार सही विकल्प का उल्लेख करते हुए निर्धारित प्रारूप पर पूरा प्रश्न लिखें।


मनोविज्ञान की परीक्षा लखनऊ में

प्रयागराज। लोक सेवा आयोग की ओर से विज्ञापित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (प्रा.) परीक्षा 2025 के दो विषयों में से मनोविज्ञान की परीक्षा 17 जून को लखनऊ के आयोग परीक्षा भवन में होगी। परीक्षा नियंत्रक हरदेव पांडेय के अनुसार प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय से एक घंटा 30 मिनट पूर्व प्रवेश दिया जाएगा।