Aligarh : शासन द्वारा 16 जून से परिषदीय विद्यालयों को खोलने के निर्देश जारी किए जाने के बाद प्राथमिक शिक्षक संघ ने इसका विरोध जताया है। संघ ने मांग की है कि विद्यालयों का संचालन 16 जून के बजाय एक जुलाई से शुरू किया जाए।
शिक्षक संघ का कहना है कि जून में भीषण गर्मी रहती है। तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे मौसम में विद्यालय आने-जाने में शिक्षक और छात्र-छात्राओं दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। संघ ने यह भी कहा कि वर्तमान में बड़ी संख्या में शिक्षक मकान एवं जनगणना संबंधी कार्यों में भी लगे हुए हैं, जिससे उनपर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है। शिक्षक नेताओं का कहना है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार को अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. अमित चौहान का कहना है कि 16 जून की जगह एक जुलाई से स्कूल खोले जाएं।

