18 June 2026

शिक्षा प्रणाली से छात्रों में तनाव चिंताजनक:राहुल



जयपुर, एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को देश की शिक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा प्रणाली छात्रों को तनाव में डाल रही है। यह देश के हित में नहीं है।



कोटा में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी ने ये बातें कहीं। छात्रों को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि इस संवाद में शिक्षा प्रणाली पर चर्चा होगी, इसमें क्या कमियां हैं और क्या सुधार करने की जरूरत है। यह बैठक आपके बारे में है।


कार्यक्रम के दौरान बातचीत के लिए तीन लड़कियों और दो लड़कों को मंच पर बुलाया गया। वे नीट, जेईई और सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र हैं। राहुल ने छात्रों से पूछा उन्होंने नीट, जेईई की तैयारी क्यों चुनी और उनके सपनों व तैयारी पर खर्च होने वाले पैसे के बारे में भी बात की।


कोटा कोचिंग हब के रूप में प्रसिद्ध है, यहां 1.2 लाख छात्र विभिन्न कोचिंग में नीट और जेईई की तैयारी कर रहे हैं।