प्रयागराज। संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ की ओर से शनिवार को जिला पंचायत सभागार में शैक्षिक संगोष्ठी व प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन किया गया। इसमें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शिक्षित भारत के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों व रसोइयों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हें कैशलेस चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले और वर्तमान समय के विद्यालयों की स्थिति में ऑपरेशन कायाकल्प योजना के माध्यम से बड़ा बदलाव आया है। राष्ट्रीय स्वच्छता मिशन के तहत विद्यालयों में शौचालय निर्माण और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। शिक्षा, रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में पारदर्शिता के साथ बिना किसी भेदभाव के कार्य किए जा रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने प्रांतीय अधिवेशन और शैक्षिक संगोष्ठी में की शिरकत
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा मित्र और विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पंचायत सभागार में आयोजित इस संगोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों के विकास और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

