16 July 2026

अगले 48 घंटों में यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 

अगले 48 घंटों में यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लखनऊ। यूपी में मानसून की तीव्रता फिर बढ़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर हवा के निम्नदाब की स्थिति का असर अगले 48 घंटों के दौरान देखने को मिल सकता है। ऐसे में कई जिलों में भारी या बहुत भारी वर्षा भी हो सकती है।



मानसून की ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति से तराई की ओर घूमी हुई है। इसकी वजह हवा के मध्य क्षोभमंडल में प्रदेश के पूर्वी भाग पर बना चक्रवाती परिसंचरण है। नतीजतन कहीं कहीं ही बारिश हो रही है वह भी छिटपुट। इसी बीच उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र मजबूत होते हुए उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके असर से 17 जुलाई के बाद प्रदेश में मानसूनी सक्रियता बढ़ जाएगी।


व्यापक वर्षा में वृद्धि होने के साथ तापमान में गिरावट होगी। इसका असर कुछ जिलों में शुक्रवार की दोपहर बाद ही दिखना शुरू हो सकता है।


अम्बेडकरनगर में 75 मिलीमीटर बारिश

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार की सुबह 8:30 बजे तक अंबेडकरनगर के अकबरपुर में सबसे अधिक 75 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद हमीरपुर के मौदहा में 54 मिमी, मथुरा के गोवर्धन में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी, गोरखपुर के बांसगांव में 38 मिमी, फिरोजाबाद के टूंडला में 26 मिमी, सिद्धार्थनगर के बांसी तहसील में 23 मिमी और अलीगढ़ में 19.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।