16 July 2026

चीख पड़ीं शिक्षिकाएं, नशे की हालत में प्राइमरी स्कूल में घुस गया मनबढ़; जमकर मचाया उत्पात

 

: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के सहजनवां के गीडा थाना क्षेत्र के एक स्कूल में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक मनबढ़ नशे की हालत में अचानक से एक प्राइमरी स्कूल में घुस गया। वह छात्राओं और शिक्षिकाओं को गालियां देने लगा। क्लास में घुसकर एक छात्रा को पीटा भी। यही नहीं शिक्षिकाओं पर बोतल फेंककर हमला करने की कोशिश भी की। घटना से स्कूल में दहशत का माहौल बन गया। स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने हिम्मत दिखाते हुए इस मामले की शिकायत पुलिस से की। थाने पर तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया।




पुलिस को दी तहरीर में प्रधानाध्यापिका ने 30 जून को स्कूल के इस घटनाक्रम की जानकारी दी है। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि गांव का रहने वाला गुड्डू उर्फ बालेन्द्र शाही 30 जून को नशे की हालत में स्कूल पहुंचा। वह सीधे क्लासरूम में घुस गया। उसने वहां मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए बदसलूकी करने लगा। विरोध करने पर उसने एक छात्रा की पिटाई कर दी। यही नहीं उसने बोतल फेंककर शिक्षिकाओं को भी मारने का प्रयास किया।



घटना के बाद प्रधानाध्यापिका ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस के वापस लौटते ही वह दोबारा विद्यालय पहुंच गया और फिर से गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद दोबारा डायल-112 पर सूचना दी गई। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि आरोपी की हरकतों से विद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्राओं में भय का माहौल है। अभिभावकों में भी घटना को लेकर आक्रोश है। गीडा थाने पहुंचकर उन्होंने लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी गुड्डू उर्फ बालेन्द्र शाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।


घर पर अकेली किशोरी से छेड़छाड़

वहीं गोरखपुर के ही पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी से छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक समेत उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता की मां की तहरीर के अनुसार, गांव निवासी मनोज चौरसिया उस समय उनके घर पहुंचा, जब किशोरी घर में अकेली थी। इसकी जानकारी मिलने पर जब वह आरोपी के घर शिकायत करने गईं तो आरोप है कि मनोज और उसके परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की, मारपीट की और जान-माल की धमकी देकर भगा दिया। पीपीगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मनोज चौरसिया एवं उसके परिजनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।