छिबरामऊ, । कंपोजिट विद्यालय बझेड़ी से जुड़े वायरल वीडियो मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। बुधवार को विद्यालय प्रबंधन ने मामले में अपना पक्ष रखते हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की और सकरावा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है, कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का समय जनवरी 2026 का बताया जा रहा है, जबकि विद्यालय 31 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश के कारण पूरी तरह बंद था। ऐसे में उस दौरान विद्यालय परिसर में हुई कथित गतिविधियों और वीडियो की सत्यता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रबंधन का कहना है कि विद्यालय परिसर में बिना किसी अनुमति के कथित रूप से हिडन सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने की बात सामने आई है, जिसकी जानकारी न तो प्रधानाध्यापक को थी और न ही विद्यालय स्टाफ को। इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष व प्रधानाध्यापक अशोक कुमार तथा अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को अनावश्यक विवाद में न घसीटा जाए। थानाध्यक्ष भागमल सिंह ने बुधवार को विद्यालय पहुंचकर कक्ष का निरीक्षण किया, जहां कैमरा लगाए जाने की बात कही जा रही है। मामले की जांच जारी ह।

