UpdateMarts•Com
Follow Channel

24 July 2026

50 हजार शिक्षकों को ओपीएस पर जल्द मिल सकती है राहत, मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन

 गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आश्वासन के बाद करीब 50 हजार शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ मिलने की उम्मीद एक बार फिर जगी है। गोरखनाथ मंदिर में विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है और इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

एसोसिएशन के महासचिव दिलीप चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुए शिष्टाचार भेंट में प्रतिनिधिमंडल ने विशिष्ट बीटीसी-2004, बीटीसी-2001, उर्दू बीटीसी और अन्य प्रभावित श्रेणियों के उन शिक्षकों का मुद्दा उठाया, जिनकी नियुक्ति 28 मार्च 2005 से पूर्व विज्ञापित पदों पर हुई थी।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एक अप्रैल 2005 से पूर्व जिन पदों का विज्ञापन जारी हो चुका था, उन पर नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने के संबंध में गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के इस आश्वासन को सकारात्मक बताया। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के महामंत्री सुभाष कनौजिया, प्रदेश वरिष्ठ मंत्री एवं जिलाध्यक्ष गोरखपुर तारकेश्वर शाही, प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिलाध्यक्ष महराजगंज राजकुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।





Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more