22 July 2026

योगी सरकार 50 हजार छात्राओं को स्कूटी देगी, पंजीकरण, हेलमेट और पेट्रोल भी मिलेगा


लखनऊ, । यूपी में रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना के तहत वर्ष 2025-26 में स्नातक पास करने वाली 50 हजार मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। 12 लाख से कम पारिवारिक आय वाली प्रत्येक कॉलेज की टॉप पांच प्रतिशत छात्राओं को मेरिट के आधार पर स्कूटी दी जाएगी।



दिव्यांग, निराश्रित और सेना में शहीद परिवार की बेटियों को भी मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। इनके लिए अंक प्रतिशत व आय सीमा की शर्त नहीं है। यह लाभ सभी राज्य-निजी विश्वविद्यालयों, राजकीय, एडेड व निजी डिग्री कॉलेजों की मेधावी छात्राओं को मिलेगा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश की मूल निवासी स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को पेट्रोल चलित स्कूटी मिलेगी। ऐसी छात्राओं की संख्या नौ से 10 लाख तक है। इनमें करीब 50 हजार छात्राएं लाभान्वित होंगी।


पंजीकरण, हेलमेट और पेट्रोल भी मिलेगा

रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना के तहत छात्राओं को मुफ्त स्कूटी के साथ ही पंजीकरण शुल्क, व्यापक वाहन बीमा, आईएसआई मार्क का हेलमेट व अन्य आवश्यक एक्सेसरीज भी दी जाएंगी। स्कूटी देते समय छात्राओं को पांच-पांच लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा।