
प्रयागराज । जिले के 512 परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट एवं पीएमश्री विद्यालयों में प्रेरणा पोर्टल पर दस या कम नामांकन प्रदर्शित होने पर प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों के साथ ही सभी शैक्षणिक स्टाफ को नोटिस जारी की गई है। बीएसए अनिल कुमार ने नामांकन में वृद्धि करते हुए तीन दिन में खंड शिक्षाधिकारियों के माध्यम से स्पष्टीकरण मांगा है कि प्रेरणा पोर्टल पर विद्यालय का नामांकन कम क्यों है। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण नहीं देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की चेतावनी दी है। प्रेरणा पोर्टल पर इनमें से 21 विद्यालयों में नामांकन शून्य है।
नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ऊंचामंडी, जसरा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय चांडी और गजापुर, करछना के प्राथमिक विद्यालय केचुआडीह धोबियान बस्ती, केचुआडीह, भगई पटेल बस्ती, लगरी पट्टी और उच्च प्राथमिक विद्यालय मरदापुर, कोरांव के प्राथमिक विद्यालय जमसोत, अटारी व भगतपुर, मऊआइमा के प्राथमिक विद्यालय धना का पुरा व शुकुलपुर, फूलपुर के प्राथमिक विद्यालय जलालुद्दीनपुर, सैदाबाद के उच्च प्राथमिक विद्यालय महरुपुर व अमोरा, शंकरगढ़ के प्राथमिक विद्यालय करोटा, बिहरैया व दोमहर और उरुवा के प्राथमिक विद्यालय हनुमान सहाय का पुरा, मदारी और उच्च प्राथमिक विद्यालय मदरा में शून्य नामांकन प्रदर्शित हो रहा है।
बीएसए ने लिखा है कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परिषदीय विद्यालयों के नवीन नामांकन की समीक्षा में प्रयागराज की स्थिति पिछले साल के नामांकन के सापेक्ष न्यून पाई गई है। जिसपर महानिदेशक ने अत्यधिक नाराजगी जताते हुए संबंधित के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
