68,500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018: अभ्यर्थियों ने परिणाम संशोधित कर नई सूची जारी करने की मांग, सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी को सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज। 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2018 में शामिल अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी, प्रयागराज से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षा के परिणाम में संशोधन करते हुए नई चयन सूची जारी करने की मांग की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की संस्तुति के अनुसार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में 5 प्रतिशत की छूट दी जानी चाहिए। उनका दावा है कि 150 अंकों की परीक्षा में OBC अभ्यर्थियों के लिए 60 अंक (40 प्रतिशत) को न्यूनतम उत्तीर्णांक मानते हुए परिणाम संशोधित किया जाए तथा नई चयन सूची जारी की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने OBC अभ्यर्थियों को 5 प्रतिशत छूट प्रदान करने और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की संस्तुति की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग की सिफारिश के अनुरूप कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिया जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल अभ्यर्थियों ने बताया कि सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने उनका ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया है कि मामले पर नियमानुसार विचार करते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
अभ्यर्थियों ने ज्ञापन के साथ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति की प्रति भी सचिव को सौंपी। उनका कहना है कि यदि आयोग की सिफारिश लागू होती है तो बड़ी संख्या में OBC अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है और संशोधित चयन सूची जारी होने का मार्ग प्रशस्त होगा।

