19 July 2026

शिक्षिका की पिटाई से छात्रा के कान में चोट






लखनऊ, । कैंट के तोपखाना बाजार स्थित केंद्रीय विद्यालय के शिक्षिका पर कक्षा दो की छात्रा को पीटने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने आरोप लगाया है कि 13 जुलाई को शिक्षिका ने उनकी बेटी के कान पर कई थप्पड़ मारे। बेटी को पहले से कान की गंभीर बीमारी है। ऑपरेशन होना है। कान में थप्पड़ मारने से उसकी तकलीफ बढ़ गई। डाक्टर को दिखाना पड़ा। मां ने स्कूल पहुंचकर जिम्मेदारों से शिकायत की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।



मां के मुताबिक बेटी केन्द्रीय विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ती है। 13 जुलाई को रोते हुए घर पहुंची सहमी बेटी ने बताया कि बिना किसी गलती के शिक्षिका ने उसे बच्चों के सामने डागी बनाकर दौड़ाया गया। शिक्षिका ने कान पर कई थप्पड़ मारे। घटना के बाद बेटी डरी और सहमी है। डॉक्टर के पास लेकर गईं। छात्रा के पिता एयरफोर्स में गुजरात के वडोदरा में तैनात हैं। इकलौती बेटी के साथ हुई कथित घटना से पूरा परिवार आहत है। छात्रा की मां का आरोप है कि घटना की सच्चाई जानने के लिए स्कूल जाकर सीसीटीवी फुटेज दिखाने का आग्रह किया, लेकिन दिखाने से मना कर दिया। इसके बाद मां ने स्कूल प्रशासन और कैंट पुलिस से लिखित शिकायत कर पूरे मामले की जांचकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


स्कूल ने आंतरिक जांच कमेटी बनाई


कैंट थाना प्रभारी गुरप्रीत कौर का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस स्कूल गई थी। स्कूल ने छात्रा के पीटने के मामले की जांच के लिये आंतरिक कमेटी बनायी है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।