प्रयागराज में 25 वर्षीय शिक्षिका ने फंदे से लटककर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
प्रयागराज: शहर के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय निजी स्कूल की शिक्षिका ने रविवार दोपहर कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जागृति उर्फ टिक्कल केसरवानी मुट्ठीगंज क्षेत्र में रहती थीं और एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। उनके पिता जय प्रकाश केसारवानी बिजली विभाग में कर्मचारी हैं। घटना के समय उनकी मां मायके गई हुई थीं, जबकि भाई नोएडा में निजी नौकरी करता है।
बताया गया कि रविवार दोपहर करीब ढाई बजे जागृति की मौसी ने उनसे मोबाइल पर बात की। कुछ देर बाद जब मौसी उनके घर पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचने पर जागृति फंदे से लटकी मिलीं।
सूचना पर एसीपी और मुट्ठीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर मनोज सिंह के अनुसार, फिलहाल परिजन भी आत्मघाती कदम उठाने के कारणों के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता सके हैं। पुलिस मोबाइल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

