24 August 2026

रसोइयों को कैशलेस इलाज दो लाख का दुर्घटना बीमा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने 3.54 लाख रसोइयों को दिए चार उपहार

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन से पहले 3.54 लाख रसोइयों को रविवार को चार बड़े उपहार दिए। इनमें लगभग 93 प्रतिशत महिलाएं हैं। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रसोइयों को अब दो के बजाय 3 हजार मानदेय मिलेगा। घटना-दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों व उनके परिवार को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से दो लाख रुपये की सहायता और प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा परिधान के लिए मिलने वाली राशि भी दोगुनी यानी 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दी गई है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 साल पहले रसोइयों का मानदेय हजार रुपये था, वह भी कभी मिलता था तो कभी नहीं मिलता था। गरीबों के हक पर डकैती डालने वाले सपाइयों व कांग्रेसियों की लूट को रोकने के लिए पीएम मोदी ने 55 करोड़ लोगों के जनधन अकाउंट खुलवाए। अब डीबीटी के माध्यम से सीधे खाते में राशि जाती है। रसोइयों के लिए अभी तक सामाजिक सुरक्षा की गारंटी नहीं थी। कोई घटना-दुर्घटना, आपदा, पूर्ण दिव्यांग या मृत्यु होने पर परिवार असहाय हो जाता था।


बेसिक शिक्षा परिषद ने भारतीय स्टेट बैंक से बातचीत कर तय कराया कि अकाउंट एसबीआई में खुलेगा, जिसमें रसोइयों का पूरा मानदेय जाएगा। यदि कोई अप्रिय स्थिति हुई तो बैंक तत्काल दो लाख रुपये की उपलब्ध कराएगा। आप भाजपा के डबल इंजन पर विश्वास कीजिए, सरकार सभी समस्याओं का समाधान करेगी।