नई दिल्ली। सार्वजनिक परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय टास्क फोर्स ने 13 सितंबर तक आम नागरिकों से सुझाव मांगे हैं।
सार्वजनिक परीक्षाओं में सुधार के लिए गठित उच्चाधिकार प्राप्त कार्यबल ने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों समेत सभी नागरिकों से परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अपने सुझाव साझा करने की अपील की है। नागरिक व्हाट्सऐप के माध्यम से महज दो मिनट में अपने सुझाव भेज सकते हैं। इसके लिए निर्धारित व्हाट्सऐप नंबर पर संदेश भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा सुझाव कार्यबल की वेबसाइट, टोल-फ्री नंबर और ई-मेल के माध्यम से भी दिए जा सकते हैं। खास बात यह है कि सुझाव अंग्रेजी, हिंदी या किसी भी क्षेत्रीय भाषा में भेजे जा सकते हैं। इससे देशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को परीक्षा प्रणाली से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

