29 August 2026

वायरल वीडियो: जीआईसी के खिलाफ झूठे वीडियो पर दी गई तहरीर

प्रयागराज, । पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के खिलाफ झूठे वीडियो वायरल करने पर प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने कोतवाली थानाध्यक्ष को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। प्रधानाचार्य का दावा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बिना सूचना के विद्यालय परिसर में घूम-घूम कर वीडियो बनाया है। जिस स्थान पर पानी पीने का वीडियो बनाया गया है वहां पर छात्र पानी नहीं पीते हैं।



जिस स्थान पर छात्र पानी पीते हैं उस स्थान पर वाटर कूलर लगाया गया है जिसकी सफाई भी समय-समय पर होती रहती है। जिन शौचालयों और यूरिनल का वीडियो वायरल किया गया है उनका प्रयोग नहीं हो रहा है। अत्यधिक वर्षा के कारण छात्रावास और परिसर में कई जगह पानी एकत्रित हो जाता है जो बारिश के बाद निकल जाता है। जिस छात्रावास की गंदगी और जर्जर अवस्था का वीडियो बनाया गया है उसमें वर्तमान में छात्र आवास नहीं करते और उसकी मरम्मत का कार्य चल रहा है।


खेल के मैदान में इस समय शासन की ओर से मिनी स्टेडियम बनवाया जा रहा है जिसके कारण भारी वाहनों का आवागमन होता रहता है। इसके चलते मैदान का उपयोग नहीं हो रहा और कुछ झाड़ियां वगैरह निकल आई हैं। गेट के बाहर जिस छात्र को रोककर बाइट ली गयी है, उसमें भी छेड़छाड़ की गई है। वीडियो में लगाए गए आरोप तथ्यहीन एवं आधारहीन हैं जिससे विद्यालय एवं शासन की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।