देवरिया, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि पिछले नौ साल में साढ़े नौ लाख लोगों को सरकारी नौकरी प्रदेश सरकार दे चुकी है। जल्द ही प्रदेश में और एक लाख को नौकरी और दो करोड़ नौजवानों को टैबलेट दिया जाएगा। वे देवरिया के मझौलीराज में सलेमपुर और भाटपारानी विधानसभा क्षेत्र की संयुक्त जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों की 305 करोड़ रुपए की 80 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि नौकरियों की कमी नहीं है। जल्द ही 45 हजार होमगार्ड, 36 हजार पुलिस (4 हजार सब इंस्पेक्टर) की भर्ती होगी। उप्र पब्लिक सर्विस कमीशन के तहत अलग-अलग विभागों में 30 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। शिक्षकों की भर्ती भी करेंगे।
यूपीटीईटी की परीक्षा में 13 लाख नौजवान उत्तीर्ण हुए हैं। इस भर्ती का अधियाचन जा चुका है, विज्ञापन जारी होने वाला है। इन नौजवानों के लिए भी जल्द ही नौकरी का खजाना निकलने वाला है। सीएम ने कहा कि दो करोड़ नौजवानों को टैबलेट देंगे। 50 लाख से अधिक नौजवान पा चुके हैं, 25 लाख का फिर से ऑर्डर दिया गया है। स्नातक अंतिम वर्ष के सभी बच्चे को टैबलेट देंगे। अब नौकरी में अब कोई सेंध नहीं लगा पाता, सपा मुखिया को इसी बात की चीढ़ है। अब हर जनपद के नौजवानों को नौकरी मिलती है। नौजवान के लिए हर जगह नौकरी, रोजगार व स्वरोजगार है। हर न्याय पंचायत स्तर पर डिजिटल इंटर प्रेन्योर के रूप में नौजवान को कार्य देंगे.

