04 August 2026

टीचर के सीने से गुजरा डंपर, तड़प-तड़पकर मौत:फर्रुखाबाद में बाइक फिसलते ही नीचे गिरे, ऊपर से निकला पिछला पहिया

 


फर्रुखाबाद में गुरुवार को डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार टीचर की मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा कि डंपर के बगल में चल रहे टीचर टक्कर लगते ही बाइक से गिर गए। इसके बाद डंपर का पिछला पहिया उनके सीने के ऊपर से निकल गया।


डंपर चालक हादसे के बाद मौके से गाड़ी समेत भाग निकला। टीचर ने हादसे के समय हेलमेट लगा रखा था। मौके पर मौजूद राहगीरों ने फोन करके एंबुलेंस बुलाई, जिसके बाद टीचर को अस्पताल भिजवाया गया। वहां, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना दोपहर 12 बजे अमृतपुर इलाके की है।


टीचर हादसे के समय क्लिनिक जा रहे थे


अमृतपुर के उदरनपुर गांव के रहने वाले (38) के देवेंद्र विक्रम सिंह अमर ज्योति इंटर कॉलेज में टीचर थे। वह कांकरकठा गांव में अपनी क्लिनिक भी चलाते थे। परिवार में पत्नी बबली और दो बेटे सिद्धार्थ और देवांश हैं।


देवेंद्र गुरुवार को स्कूल नहीं गए थे। वह सुबह 10 बजे कांकरकठा गांव अपने क्लिनिक जा रहे थे। तभी कस्बे के पास उनकी बाइक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गई। बाइक का अगला पहिया जैसे ही स्लिप हुआ देवेंद्र बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। डंपर का पिछला पहिया उनके सीने से होकर निकल गया।


हादसे के बाद राहगीर दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी। तुरंत कॉल करके एंबुलेंस बुलाई गई। इसके बाद देवेंद्र को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। हादसे का पता चलते ही टीचर के परिवार वाले मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।