04 August 2026

UP Cabinet Meeting: आज सीएम योगी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, 20 से अधिक प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

 

मदरसों से कामिल-फाजिल डिग्री पर रोक



लखनऊ, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में होगी। इस बैठक में 20 से अधिक प्रस्तावों को हरी झंडी मिलने की संभावना है।


इसमें अनुपूरक बजट को मंगलवार को विधानमंडल में पेश किए जाने संबंधी प्रस्ताव भी शामिल है। जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे से गंगा एक्सप्रेस-वे तक वाया बुलंदशहर के प्राक्कलन को मंजूरी से जुड़ा प्रस्ताव भी कैबिनेट के समक्ष आएगा। वहीं प्रदेश में मदरसे कामिल व फाजिल की डिग्री नहीं दे सकेंगे। इस संबंध में मदरसा शिक्षा परिषद अधिनियम-2004 में संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा। प्रयागराज-चित्रकूट क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण के गठन का प्रस्ताव भी कैबिनेट एजेंडे में शामिल है। वहीं प्रदेश में सात बहुउद्देश्यी हब के निर्माण के लिए भूमि नि:शुल्क हस्तांतरण और घुमंतू विकास बोर्ड के गठन संबंधी प्रस्ताव भी एजेंडे का हिस्सा है। आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग के दो प्रस्ताव भी कैबिनेट के समक्ष रखे जाएंगे।



पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू होगी

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के क्रियान्वयन के लिए मार्गदर्शी सिद्धांत में संशोधन, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना, पुर्नगठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना यूपी में लागू करने के संबंध में, समुदाय परियोजना के क्रियान्वयन के लिए छह फरवरी 2015 को हुए करार की समयसीमा को दूसरी बार पांच साल के लिए बढ़ाए जाने संबंधी प्रस्ताव भी कैबिनेट में आएंगे। सीएजी से जुड़ा प्रस्ताव भी आएगा।