UpdateMarts•Com
Follow Channel

13 September 2026

बीआरसी पर खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार वर्मा का गर्मजोशी से स्वागत, विजय कुमार को भावभीनी विदाई

 

भदपुरा से खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार को भावभीनी विदाई, सतीश कुमार वर्मा का गर्मजोशी से स्वागत

 क्योलड़िया। भदपुरा ब्लॉक के बीआरसी क्योलड़िया परिसर में शनिवार को विदाई एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानांतरित हुए निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार को शिक्षकों एवं विभागीय कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई दी। वहीं, नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार वर्मा के कार्यभार ग्रहण करने पर शिक्षकों, एआरपी, शिक्षक संघ के पदाधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।


डायरी, पेन व स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित

समारोह के दौरान एआरपी विवेक सक्सेना, मधुरेश दीक्षित, अरुण कुमार और संतोष गंगवार सहित शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार को डायरी, पेन, शॉल, धार्मिक ग्रंथ, स्मृति चिह्न और बुके भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।


वक्ताओं ने कहा कि विजय कुमार ने भदपुरा ब्लॉक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही शिक्षकों की समस्याओं के समाधान में सकारात्मक भूमिका निभाई। शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए उनके कार्यकाल की सराहना की गई। विदाई समारोह के दौरान निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार भावुक नजर आए। उन्होंने सभी शिक्षकों, एआरपी, विभागीय कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकाल के दौरान उन्हें सभी का सहयोग मिला। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नवागत बीईओ सतीश कुमार वर्मा का जोरदार स्वागत

इसके बाद नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार वर्मा ने विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने पर उपस्थित शिक्षकों, एआरपी, शिक्षक संघ के पदाधिकारियों एवं विभागीय कर्मचारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।


अपने संबोधन में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार वर्मा ने कहा कि भदपुरा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं को पात्र विद्यार्थियों और विद्यालयों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ-साथ विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिक्षक, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ काम करें। उन्होंने सभी शिक्षकों से विभागीय कार्यों में सहयोग और सकारात्मक समन्वय बनाए रखने की अपील की।

बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ से नरेश गंगवार, केसी पटेल, हरेंद्र सिंह, रानू, सूरज गंगवार, अमित गंगवार, राजवीर, ओम बाबू, अभिषेक, अवधेश, शशांक, सुधांशु, रामौतार, लालता प्रसाद, धीरेंद्र, राजेश और अनिल सहित जूनियर शिक्षक संघ के पदाधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।












इसके अलावा एलएलएफ से प्रदीप गुप्ता, एआरपी, संकुल शिक्षक, ब्लॉक क्षेत्र के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कार्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में निवर्तमान अधिकारी को विदाई और नवागत अधिकारी के स्वागत के साथ शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय का संदेश भी दिया गया।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more