एसोसिएशन की बैठक में प्रयागराज में एम्स की मांग भी दोहराई गई
प्रयागराज। विकास भवन में शनिवार को गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में आठवें केंद्रीय वेतन आयोग से जुड़ी चिंताओं पर आंदोलन तेज करने पर चर्चा हुई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व मंडलायुक्त आरएस वर्मा ने बताया कि पूर्व और वर्तमान सांसदों के माध्यम से कई बार एम्स की मांग उठाई गई। प्रभारी मंत्री से भी अनुरोध किया गया है लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मुख्यमंत्री से वरिष्ठ पुरुष नागरिकों को भी बस यात्रा में छूट देने की मांग की है।
29 सितंबर को धरना देकर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजने का निर्णय
इस दौरान पेंशनर्स ने प्रमुख मुद्दों पर गहरी चिंता व्यक्त की:
- आठवें केंद्रीय वेतन आयोग को लेकर स्थिति।
- एक जनवरी से 20 फीसदी अंतरिम राहत लागू न होना।
- महंगाई भत्ता 50 फीसदी से अधिक हो जाने के बावजूद इसे मूल पेंशन में शामिल न किया जाना।
- पेंशन वैलिडेशन एक्ट 2025 वापस न लिया जाना।
- पुरानी पेंशन (OPS) बहाल न होना।
इन मांगों के समर्थन में 29 सितंबर को धरना देकर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। साथ ही अक्टूबर में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।
हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित करने की वकालत
बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम मौर्य और पीके सक्सेना ने हिंदी पर विचार रखे। साथ ही कई पदाधिकारियों और सदस्यों ने कविताएं सुनाईं। आरएस वर्मा ने हिंदी को राष्ट्रभाषा घोषित करने की वकालत की। प्रीता बाजपेई ने कार्यक्रम का संचालन किया। बैठक में निवर्तमान मुख्य कोषाधिकारी प्रत्युष कुमार द्विवेदी का विदाई समारोह भी किया गया।

