29 September 2026

शिक्षिका शाहीन बानो को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, जांच कमेटी की रिपोर्ट पर टिकीं निगाहें

 

हरदोई: शिक्षिका शाहीन बानो को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, जांच कमेटी की रिपोर्ट पर टिकीं निगाहें

हरदोई/संडीला। संडीला विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय टिमरुख की इंचार्ज सहायक अध्यापिका शाहीन बानो का सोमवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। लखनऊ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार शाम उनके निधन के बाद अंतिम यात्रा में परिजनों, क्षेत्रीय नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और परिषदीय शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।

परिजनों के गंभीर आरोप परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में आगजनी की घटना के बाद तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) डॉ. ब्रजेश त्रिपाठी द्वारा फोन किए जाने के बाद शाहीन बानो की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। गंभीर स्थिति में उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार अब संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़ा है। हालांकि, अधिकारी पक्ष इन आरोपों से इनकार कर चुका है।

BEO मुख्यालय से संबद्ध, स्थलीय जांच पूरी विवाद बढ़ने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने तत्कालीन BEO डॉ. ब्रजेश त्रिपाठी को संडीला से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच कमेटी प्राथमिक विद्यालय टिमरुख का स्थलीय निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा चुकी है।

कमेटी के समक्ष बयान की समय-सीमा समाप्त जांच कमेटी द्वारा डॉ. ब्रजेश त्रिपाठी को सोमवार शाम 5:00 बजे तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने का समय दिया गया था। निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अधिकारी का बयान दर्ज हुआ अथवा नहीं। मामले की अग्रिम विभागीय व कानूनी कार्रवाई अब जांच कमेटी की अंतिम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर तय होगी।