ट्रांस हिंडन। साहिबाबाद थाना क्षेत्र की गुलमोहर ग्रीन सोसाइटी में शनिवार देर शाम सातवीं कक्षा की छात्रा ने 10वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि गणित की शिक्षिका उसे प्रताड़ित करती थी, जिससे उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुलमोहर ग्रीन्स सोसाइटी में दसवीं मंजिल के फ्लैट में एक व्यक्ति रहते हैं। उनका पॉलीथिन का कारोबार है। राजेंद्रनगर स्थित एक निजी स्कूल में 15 वर्षीय बड़ी बेटी कक्षा दस और 7 वर्षीय छोटी बेटी कक्षा सात की छात्रा थी। शनिवार देर शाम छोटी बेटी मां से कुछ देर में वापस आने की बात कहकर फ्लैट से निकली थी। कुछ ही देर में उन्हें उसके दसवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिली। छात्रा स्कूल डायरी में तीन महीने से उत्पीड़न की बात लिख रही थी।

