28 September 2026

चयन वेतनमान में शिक्षकों को मिलेगी वेतन वृद्धि

 

देवरिया, । जिले के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत करीब 220 शिक्षकों को राहत भरी खबर है। एक ही पद पर 10 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को अब चयन वेतनमान का लाभ मिलेगा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के लगातार प्रयासों के बाद जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों की ओर से पात्र शिक्षकों की ऑनलाइन आख्या एवं संस्तुति कर प्रकरण अग्रसारित कर दिया गया है। शनिवार देर शाम बेसिक शिक्षा अधिकारी रामजीवन मौर्य ने चयन वेतनमान स्वीकृति संबंधी आदेश जारी कर दिया। एक सितंबर 2016 को नियुक्त शिक्षकों ने सितंबर 2026 में एक ही पद पर अपनी 10 वर्ष की सेवा पूरी की है।बेसिक शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार, बिना पदोन्नति के एक ही पद पर लगातार 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने वाले शिक्षक चयन वेतनमान के पात्र होते हैं। इसका लाभ मिलने के बाद संबंधित शिक्षकों के मूल वेतन में वृद्धि होगी। इससे वेतन में प्रतिमाह करीब 2500 से 3000 रुपये तक का अंतर आने की संभावना है। इसके साथ ही वेतन से जुड़े अन्य वित्तीय लाभ भी बढ़ेंगे।आदेश जारी होने के बाद शिक्षकों में खुशी का माहौल है। अक्टूबर में मिलने वाले वेतन में इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संयोजक जयशिव चंद, सह संयोजक विवेक मिश्रा, शशांक मिश्रा, दुर्गेश मिश्रा, शिक्षक शिशिर राय, राहुल राय, सौरभ राय,आशुतोष मिश्रा, सर्वेश यादव आदि ने बीएसए का आभार जताया है।