अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी के रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली एवं पुराने पैटर्न पर भर्ती करने और टीईटी/सीटीईटी, सामान्य अध्ययन तथा स्नातक में 50 प्रतिशत की अनिवार्यता जैसे प्रावधानों के खिलाफ बेरोजगारों का आंदोलन गुरुवार को तेज हो गया। आमरण अनशन के 13वें दिन गुरुवार को महाआंदोलन के आह्वान पर पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने पहले पत्थर गिरजाघर स्थित धरनास्थल पर प्रदर्शन किया और फिर दोपहर बाद शिक्षा निदेशालय का घेराव किया।
भारी फोर्स के बीच आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में पहुंचे अभ्यर्थियों ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कामता राम पाल को ज्ञापन सौंपा। कामता राम पाल ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों से शासन को अवगत करा दिया जाएगा।
आंदोलन का आह्वान करने वालों को किया नजरबंद: महाआंदोलन का आह्वान करने वाले युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह का दावा है कि उन्हें प्रशासन ने बुधवार रात दस बजे ही खरकौनी नैनी स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। वहीं लखनऊ में प्रदर्शन को जाने से पहले छात्रनेता रजत सिंह को इविवि के कला संकाय के सामने बंद रोड पर गंगा होटल में पुलिस ने नजरबंद कर दिया।
छात्रों ने आत्महत्या की दी चेतावनी, एडी ने मांगी फोर्स
प्रयागराज। पुरानी नियमावली से भर्ती की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय का घेराव करने वाले छात्रों ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कामता राम पाल को चेतावनी दी कि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो शुक्रवार सुबह दस बजे निदेशालय में आमरण अनशन करेंगे। कुछ छात्रों ने आत्महत्या की भी चेतावनी दी है। इस पर कामता राम पाल ने डीएम और पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर निदेशालय में आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल को भी पत्र लिखकर उपरोक्त स्थिति से शासन को अवगत कराने का अनुरोध किया है।
.jpeg)
