18 September 2026

अग्निवीरों को सेवानिवृत्ति से पहले स्थायी नौकरी मिलेगी



नई दिल्ली,  अग्निवीरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। चार साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही केंद्र सरकार उनके लिए स्थायी नौकरी का पूरा इंतजाम करने जा रही है। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने इस योजना की जानकारी दी है।



सेना से पहला बैच जनवरी 2027 में सेवामुक्त होने जा रहा है, जिसमें 19 हजार से अधिक अग्निवीर शामिल हैं। इन्हें एक जनवरी 2023 को सेना में भर्ती किया गया था और अब इनका चार साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है।


सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने अग्निवीरों के लिए एक प्रभावी ‘एग्जिट प्लान’ तैयार किया है। जिन 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सेना में ही स्थायी किया जाना है, उनकी योग्यता सूची कार्यकाल पूरा होने से पहले जारी कर दी जाएगी। इसके लिए आंतरिक परीक्षा की प्रक्रिया पूरी करके मेरिट तैयार की जाएगी। पहले यह योजना थी कि एक बार सभी अग्निवीर बाहर होंगे और बाद में 25 प्रतिशत की पुनः बहाली होगी। अब इस विचार को बदल दिया गया है। दूसरी तरफ, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों के लिए अर्धसैनिक बलों और पुलिस बलों में नौकरी सुनिश्चित की जाएगी।