नई दिल्ली। आधुनिक कारों में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडास) को लेकर सामने आए अंतरराष्ट्रीय शोध और सड़क सुरक्षा के आंकड़े चौंकाने वाले हैं।
अध्ययन में सामने आया है कि अधिकांश चालक ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, लेन-डिपार्चर वार्निंग और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को डीलरशिप या मैन्युअल के बजाय यूट्यूब वीडियो देखकर या खुद आजमाकर सीख रहे हैं। अधूरी समझ के चलते चालक इन फीचर्स पर जरूरत से ज्यादा निर्भर होने लगे हैं, इससे सड़क पर उनकी सतर्कता कमजोर पड़ रही है। ऑस्ट्रेलिया की मोनाश यूनिवर्सिटी द्वारा 842 ड्राइवरों पर किए गए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने इस प्रवृत्ति को बिहेवियरल अडॉप्टेशन (इंसानी व्यवहार में बदलाव) करार दिया है। अध्ययन में शामिल बड़ी संख्या में चालकों ने माना कि एडास सक्रिय रहने पर वे शीशों और ब्लाइंड-स्पॉट में देखना कम कर देते हैं, जबकि युवा चालकों में वाहन चलाते हुए मोबाइल फोन के इस्तेमाल की आदत बढ़ी है।
एक गलती जानलेवा: अध्ययन के मुताबिक, भारत जैसे देश में सड़क दुर्घटनाओं में हर साल करीब 1.83 लाख से अधिक मौतें होती हैं। यहां दोपहिया, पैदल यात्री तथा अनियमित ट्रैफिक एक साथ चलते हैं, वहां एडास को ऑटोमैटिक ड्राइविंग समझना जानलेवा हो सकता है।
शोध में यह भी स्पष्ट किया गया कि कारों, दोपहिया वाहनों को पहचानने के लिए सेंसर को 60 से 70 डिग्री का दृश्य-क्षेत्र चाहिए, जबकि पैदल यात्रियों के लिए करीब 20 डिग्री का संकरा क्षेत्र पर्याप्त है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने वाहनों में सुरक्षा मानक कड़े करने के लिए समय-सीमा तय की है। भारी वाहनों यानी बसों, ट्रकों के लिए 1 अक्तूबर 2027 से सभी नए निर्मित ट्रकों-बसों में एडवांस्ड इमरजेंसी ब्रेकिंग और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल अनिवार्य होगा। कारों के लिए 1 अक्तूबर 2027 से इमरजेंसी लेन कीपिंग, 1 अक्तूबर 2028 से व्हीकल-टू-व्हीकल कम्युनिकेशन, 1 अक्तूबर 2029 से कमर्शियल कारों में नींद की चेतावनी और 1 अक्तूबर 2032 से हर नई कार में एईबी अनिवार्य करने का प्रस्ताव है।
प्रशिक्षण के लिए कोई कार्यक्रम नहीं
सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, तकनीक अनिवार्य करने की समय-सीमा तय होने के बावजूद देश में आम चालकों के प्रशिक्षण के लिए अभी कोई राष्ट्रीय कार्यक्रम नहीं है। फिलहाल प्रशिक्षण नागपुर के आई-रेस्ट पायलट प्रोजेक्ट और चुनिंदा ड्राइविंग ट्रेनिंग संस्थानों तक ही सीमित है। केवल वाहनों में फीचर अनिवार्य करने से बात नहीं बनेगी, बल्कि कार डिलीवरी के समय डीलरशिप पर कम से कम 30 से 45 मिनट का व्यावहारिक ओरिएंटेशन, लाइसेंस प्रक्रिया में एडास मॉड्यूल और क्षेत्रीय भाषाओं में सरल गाइड अनिवार्य करनी होगी, तभी एडास का वास्तविक लाभ मिल सकेगा और हादसों पर प्रभावी अंकुश लग सकेगा।
