25 November 2026

न्यूनतम वेतनमान के आधार पर भुगतान का दिया आदेश

प्रयागराज,  हाईकोर्ट ने सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रम बंद होने के कारण एक शिक्षक की सेवा समाप्त किए जाने के मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने सेवा समाप्ति के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया, लेकिन शिक्षक को न्यूनतम वेतनमान के आधार पर बकाया वेतन देने का आदेश दिया है।

कोर्ट ने कहा कि शिक्षक की नियुक्ति स्थायी प्रकृति की थी और उसकी सेवाएं संतोषजनक न होने की कोई रिपोर्ट भी नहीं थी। ऐसे में सेवा समाप्त करने से पहले उसे सुनवाई का अवसर दिया जाना चाहिए था। यह आदेश न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा और न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह की खंडपीठ ने डॉ. नीरज श्रीवास्तव की याचिका पर दिया है। मामले के अनुसार, याची की नियुक्ति 25 अगस्त 2001 को एक महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विषय के प्रवक्ता के पद पर सेल्फ फाइनेंस योजना के तहत की गई थी।

ये भी पढ़ें - Britain School News: बच्चों के लिए AI पर रोक, शिक्षकों को ChatGPT से कॉपियां जांचने की छूट

ये भी पढ़ें - UP Principal Recruitment: बिना B.Ed वाले प्रवक्ताओं को भी आवेदन की अनुमति, हाईकोर्ट का आदेश


विश्वविद्यालय ने भी उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी। महाविद्यालय करीब 20 वर्षों तक यह पाठ्यक्रम संचालित करता रहा। हालांकि, वर्ष 2018-19 में केवल पांच और 2019-20 में चार विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसके बाद कॉलेज ने विश्वविद्यालय से संबद्धता समाप्त करने का अनुरोध किया, जिसे मंजूरी मिल गई। पाठ्यक्रम बंद होने के साथ ही याची का शिक्षक कोड निरस्त कर दिया गया और उनकी सेवा समाप्त हो गई।

याची की ओर से न्यायमित्र अधिवक्ता उदित चंद्रा ने दलील दी कि शिक्षक की सेवा मनमाने तरीके से समाप्त की गई है। उन्होंने 2013 में हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के डॉ. सुरेश कुमार पांडेय मामले के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों को नियमानुसार न्यूनतम वेतनमान दिया जाना चाहिए और पाठ्यक्रम जारी रहने तक संतोषजनक सेवा देने वाले शिक्षकों को कार्यरत रहने दिया जाना चाहिए। राज्य सरकार और कॉलेज की ओर से दलील दी गई कि विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम होने के कारण पाठ्यक्रम चलाना संभव नहीं था। कॉलेज ने यह भी कहा कि 13 मार्च 2020 के शासनादेश के तहत पाठ्यक्रम बंद होने पर शिक्षक और गैर शिक्षण कर्मचारियों की सेवा जारी रखने का प्रावधान लागू नहीं होता।

कोर्ट ने कहा कि याची की नियुक्ति विश्वविद्यालय से अनुमोदित थी और लागू कानून के तहत उसे स्थायी प्रकृति की नियुक्ति माना जाएगा। उसकी सेवाएं असंतोषजनक होने की कोई रिपोर्ट नहीं थी। सेवा समाप्ति उसकी किसी गलती के कारण नहीं हुई, बल्कि कॉलेज व विश्वविद्यालय ने पाठ्यक्रम बंद करने का निर्णय लिया था। इसलिए उसे सुनवाई का अवसर दिया जाना चाहिए था। हालांकि, स्थायी प्रकृति की नियुक्ति होने मात्र से शिक्षक को नौकरी में बने रहने का कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता। पाठ्यक्रम बंद करने के निर्णय में हस्तक्षेप का आधार नहीं है।

कोर्ट ने यह भी कहा कि डॉ. सुरेश कुमार पांडेय मामले में दिए गए निर्देशों का पालन किया जाना जरूरी है। इसके तहत कॉलेज और विश्वविद्यालय याची को दी जाने वाली बकाया राशि की गणना शिक्षकों के लिए निर्धारित न्यूनतम वेतनमान के आधार पर करेंगे। विश्वविद्यालय को नियंत्रक प्राधिकारी होने के नाते बकाया राशि की गणना, स्वीकृति और भुगतान सुनिश्चित करना होगा। कोर्ट ने याची को फैसले की प्रमाणित प्रति लेकर कॉलेज और विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more