नई दिल्ली, एजेंसी। सोने और चांदी में आने वाले सप्ताह में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है। विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों को लेकर रुख से कीमती धातुओं की आगे की दिशा तय होगी। खासतौर पर अमेरिका के महंगाई संबंधी आंकड़ों पर निवेशकों की नजर रहेगी। यदि महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा रहते हैं और फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती को लेकर नरम संकेत नहीं देता है तो सोने और चांदी पर दबाव और बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें - चक्रवात की वजह से उत्तर प्रदेश में तेजी से गिरेगा पारा, सर्दी बढ़ने के साथ बढ़ेगा कोहरे का प्रकोप; अलर्ट जारी
ये भी पढ़ें - झांसा देकर शिक्षक ने छात्रा का किया शोषण
एक सप्ताह में सोना 11%, चांदी 16.2% टूटी: एमसीएक्स पर दिसंबर में आपूर्ति वाले सोने का वायदा भाव पिछले सप्ताह 14,927 रुपये यानी करीब 11 प्रतिशत गिरकर 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यह एक साल से अधिक का निचला स्तर है। सोने का भाव इससे पहले 30 अक्तूबर 2025 को 1,21,508 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास था। एमसीएक्स पर दिसंबर में आपूर्ति वाली चांदी का वायदा भाव एक सप्ताह में 28,496 रुपये यानी 16.2 प्रतिशत टूटकर एक साल से अधिक के निचले स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले तीन नवंबर, 2025 को चांदी का भाव इस स्तर के आसपास 1,47,758 रुपये प्रति किलोग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी काफी तेज बिकवाली वैश्विक बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
कॉमेक्स पर सोने का वायदा भाव सप्ताह के दौरान 370.9 डॉलर यानी 9.5 प्रतिशत गिरकर 3,515.4 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। वहीं, चांदी का भाव 8.05 डॉलर यानी 16.4 प्रतिशत टूटकर 41.07 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने की कीमत करीब 3,500 डॉलर और चांदी की कीमत 41 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक पहुंच गई।
क्या कहते हैं विश्लेषक
विश्लेषकों के अनुसार, आर्थिक अनिश्चितता के बीच दोनों धातुओं में गिरावट जारी रह सकती है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,500 डॉलर से नीचे फिसलकर 3300 डॉलर पर आता है तो भारतीय घरेलू बाजार में यह ₹1.25 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर से भी नीचे फिसल सकता है। इसी तरह चांदी यदि 40 से फिसलकर 35 से 38 प्रति औंस के दायरे में पहुंचती है, तो भारतीय बाजार में इसकी कीमत घटकर 1.35 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में आ सकती है।

