UpdateMarts
Follow Channel

28 November 2021

बीएसए ने गैरहाजिर रह रहे शिक्षकों का रोका वेतन


सोनभद्र : स्थानीय ब्लाक के नैकहा पूर्वी विद्यालय में गैरहाजिर रहने के बावजूद एक शिक्षक के उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर बनाकर वेतन आहरित करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बीएसए ने भी इसका संज्ञान लेते हुए शिक्षक के वेतन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है।


बीईओ कोन देवमणि पांडेय व प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी जायसवाल के मुताबिक यह मामला उन्हीं की ग्राम पंचायत से जुड़ा हुआ है। उन्हें अभिभावकों ने जानकारी दी कि नैकहा पूर्वी में तैनात शिक्षक रणधीर यादव अक्सर विद्यालय से गायब रह रहे हैं। शिक्षा समिति के सदस्यों के साथ जाकर देखा तो रजिस्टर में कई दिन का हस्ताक्षर वाला कालम खाली था। उक्त शिक्षक भी विद्यालय पर नहीं थे। इस पर उपस्थिति रजिस्टर की फोटो खींचने के साथ ही उसे व्हाट्सएप पर खंड शिक्षा अधिकारी को भेज दिया। प्रकरण को लेकर लिखित शिकायत भी सौंपी। उसमें उल्लेख किया कि पूर्व में भी इस तरह का मामला सामने आ चुका है लेकिन कार्रवाई न किए जाने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जब वे जांच के लिए पहुंचे तो देखा कि गैर हाजिरी वाले दिनों का भी हस्ताक्षर बना दिया गया है। उसे काटने के साथ ही पूरी रिपोर्ट बीएसए को प्रेषित की। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच कर पूरी रिपोर्ट बीएसए के यहां भेज दी गई है। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि अग्रिम आदेश तक के लिए संबंधित शिक्षक के वेतन पर रोक लगा दी गई है। प्रकरण में पक्षों की सुनवाई के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा।