अंग्रेजी मीडियम स्कूलों का बुरा हाल बिना किताबों के पढ़ रहे बच्चे


प्रतापगढ़। जिले के 358 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई भगवान भरोसे है। इन स्कूलों के बच्चों को अभी तक पुस्तकें नहीं मिली हैं। विभागीय अधिकारी पुरानी पुस्तकों से पढ़ाई होने का दावा कर रहे हैं, मगर हकीकत यह है कि अधिकांश बच्चों ने पुरानी पुस्तक दी ही नहीं थीं।


बेसिक शिक्षा विभाग के 358 स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही है। चालू शिक्षा सत्र के चार माह बीत गए हैं, मगर अभी तक इन स्कूलों के बच्चों को पुस्तकें नहीं मिली हैं। हिंदी माध्यम की पुस्तकें आ गई हैं और स्कूलों में वितरित की जा रही हैं। मगर अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में अभी तक पुस्तकें नहीं पहुंची हैं। इससे पठन-पाठन बाधित हो रहा है।

विभागीय अधिकारियों का दावा है कि बच्चे पुरानी पुस्तकों से पढ़ाई कर रहे हैं। नई पुस्तकों का इंतजार किया जा रहा है। मगर वास्तविकता इससे परे है। दरअसल, अधिकांश स्कूलों के बच्चों ने पुरानी पुस्तकें नहीं लौटाई थीं। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुस्तकें आनी प्रारंभ हो गई हैं, जल्द ही स्कूलों में वितरित की जाएंगी.