यूपी लौट रहीं मानसूनी हवाएं, इन जिलों में आज बारिश के आसार


लखनऊ,  शहर को बुधवार सुबह बारिश ने खूब भिगोया, हालांकि आंकड़ों में यह 1.2 मिमी ही दर्ज हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसूनी हवाएं यूपी की तरफ लौट रही हैं। इससे अगले 24 घंटे मेंछिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, शुक्रवार को फिर आसमान साफ होगा और उमस बढ़ेगी।


अमौसी स्थित केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि मानसूनी हवाएं फिलवक्त राजस्थान और मध्य प्रदेश से गुजर रही हैं। इस वजह से उस तरफ काफी बारिश है। यह धीरे धीरे प्रदेश के दक्षिण की ओर आ रही हैं। इसी वजह से बुधवार बारिश हुई। गुरुवार भी बारिश की संभावनाएं हैं। वहीं, एक और दबाव क्षेत्र बन रहा है, जिसकी वजह से शुक्रवार दोपहर या शाम से फिर लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, श्रावस्ती, गोरखपुर, मेरठ, बुलंदशहर में अच्छी बारिश हो सकती है।

बादलों की आवाजाही रहेगी बीते 24 घंटों में अधिकतम पारा 31.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम था। न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को लखनऊ और आसपास बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान कुछएक स्थानों पर बारिश हो सकती है।