हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

01 December 2022

चयनित प्रधानाचार्यों का पैनल अब भेजे जाने की तैयारी


प्रयागराजः अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए वर्ष 2013 की प्रधानाचार्य भर्ती अब पूरी होने की ओर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड आठ साल बाद परिणाम घोषित करने के बाद अब नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में लगा है। इसके लिए जल्द ही जिलों में चयनितों का पैनल भेजा जाएगा। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक अधियाचित विद्यालय के प्रबंधकों को पत्र लिखकर नियुक्ति दिलाए जाने की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।

632 पदों के लिए यह भर्ती अभ्यर्थियों की ओर से हाई कोर्ट में याचिका लगाए जाने के बाद तेजी पकड़ सकी। इसके पहले वर्ष 31 दिसंबर 2013 को इस भर्ती का विज्ञापन जारी किए जाने के बाद वर्ष 2014 में छह फरवरी को संशोधित विज्ञापन जारी किया गया। 25 फरवरी तक आवेदन लिए जाने के बाद भर्ती प्रक्रिया ठप पड़ गई। चार साल तक भर्ती प्रक्रिया शुरू न होने पर जल्दी भर्ती पूरी किए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने 30 अगस्त 2019 को हाई कोर्ट में याचिका लगाई। सुनवाई शुरू होने पर चयन बोर्ड ने वर्ष वर्ष 2022 में मेरिट सूची तैयार की.




हाई कोर्ट के आदेश पर साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर चयन बोर्ड ने सभी 18 मंडलों के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार मार्च 2022 में पूरा कराया। इसी के आठ दिन बाद चयन बोर्ड में कार्यरत पांच सदस्य आठ अप्रैल 2022 को कार्यकाल पूर्ण कर कार्यमुक्त हो गए। इसके बाद परिणाम सात महीने से ज्यादा अटका रहा, जिसे 11 और 13 नवंबर को जारी किया गया। अब चयन बोर्ड चयनित प्रधानाचार्यों का पैनल बनाने की तैयारी में है, जिसे जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेजा जाएगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more