हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

25 April 2023

पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में आज भी बारिश के आसार


लखनऊ : तेज हवाओं के साथ दोपहर बाद हुई बारिश से मौसम में सिहरन महसूस हुई। राजधानी के अधिकतम तापमान में भी 7.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में छिटपुट बारिश के आसार हैं। हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक बारिश फुरसतगंज में 15.6 मिलीमीटर, कानपुर में 14 मिलीमीटर, लखनऊ में 2.8 मिलीमीटर, बस्ती में 3.5 मिलीमीटर, सुलतानपुर में एक मिलीमीटर और लखीमपुर खीरी, हरदोई, बरेली, गोंडा, महाराजगंज, गोरखपुर, प्रयागराज समेत कई अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बौछार दर्ज की गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार पंजाब से आए पश्चिमी विक्षोभ और मध्य प्रदेश से आ रही हवाओं का असर अब कम हो रहा है। इसके चलते मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मध्य में स्थित जिलों में बादलों की आवाजाही रह सकती है । पूर्वी उत्तर प्रदेश के मध्य प्रदेश से सटे जिलों में हवा के साथ बौछारें पड़ सकती है। कुछ जगह पर आंधी के लिए चेतावनी भी जारी की गई है। बुधवार से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। सोमवार को राजधानी का
अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज हवाओं के साथ बारिश ने प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की। सर्वाधिक तापमान अयोध्या में 36.5 डिग्री सेल्सियस और लखीमपुर खीरी में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम तापमान झांसी में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more