हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

27 October 2023

स्कूल में बच्चे की हर गतिविधि देख सकेंगे अभिभावक


प्रयागराज। स्कूल में बच्चे की हर गतिविधि अभिभावक ऑनलाइन देख सकेंगे। इसके लिए छावनी परिषद के सभी चार विद्यालयों वीकर पब्लिक स्कूल, कैंट हाईस्कूल, आरएबी व उड़ान में स्मार्ट क्लास रूम के तहत वॉयस रिकॉर्डर के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।


बच्चा क्लास में क्या कर रहा है, अध्यापक कैसे पढ़ा रहे हैं, कितने बजे छुट्टी हुई, लंच किया या नहीं... जैसी हर गतिविधि अभिभावक मोबाइल पर ऑनलाइन देख सकेंगे।

छावनी परिषद के सीईओ मोहम्मद समीर इस्लाम की मानें तो इस व्यवस्था से विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था पारदर्शी होगी। इसके अलावा अध्यापक क्लास में बच्चों को कैसा पढ़ा रहे हैं, इसके बारे में भी जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल प्रयागराज मंडल में छावनी परिषद के यह पहले ऐसे विद्यालय हैं, जहां इस व्यवस्था को लागू किया गया है।

स्मार्ट क्लास रूम के तहत इन चार विद्यालयों में लगभग 50 सीसीटीवी कैमरे वॉयस रिकॉर्डर के साथ लगाए गए हैं। इन्हें एक लिंक के माध्यम से मोबाइल से जोड़ दिया गया है। अभिभावकों को अपने मोबाइल फोन पर इस लिंक को कनेक्ट करना है। इसके बाद खेल का मैदान, क्लास रूम आदि में हो रही गतिविधियों का पता चल सकेगा। स्मार्ट क्लास रूम का उद्घाटन जल्द ही करने की तैयारी है। ट्रायल का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।


स्मार्ट क्लास रूम

स्मार्ट क्लास रूम एक आधुनिक प्रणाली है। इसके तहत ऑनलाइन पढ़ाने की व्यवस्था होती है। इसमें विजुअलाइजर, इंटरैक्टिव व्हाइट बोर्ड, ऍप्लीफायर, स्पीकर, पोडियम, माइक्रोफोन का इस्तेमाल किया जाता है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more