खुशखबरी: जनपद में 441 पदों पर शिक्षक होंगे पदोन्नत, नगर क्षेत्र के शिक्षकों की चांदी


बरेली। लंबे इंतजार के बाद आखिर प्राइमरी स्कूलों के शिक्षकों के प्रमोशन की राह खुल गई है। जिले में कुल 441 पद पर प्रमोशन किए जाएंगे। प्रमोशन प्रक्रिया को दिसंबर अंत तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

बेसिक स्कूलों के शिक्षक बीते छह वर्ष से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं। इधर करीब 10 महीने से प्रमोशन की प्रक्रिया चल रही थी। अब जाकर स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है।


शुक्रवार को राज्य स्तरीय वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान प्रमोशन से जुड़ी शंकाओं का आला अधिकारियों ने समाधान भी किया। बीएसए संजय सिंह ने बताया कि बरेली के ग्रामीण क्षेत्रों के प्राइमरी स्कूलों में हेड के कुल 1641 पद स्वीकृत हैं। इनके सापेक्ष 1093 हेड कार्य कर रहे हैं। 548 पद रिक्त हैं।


जूनियर हाईस्कूलों में सहायक अध्यापकों के कुल स्वीकृत पद 1923 हैं। इन पर 2213 सहायक अध्यापक कार्य कर रहे हैं। इस तरह से 290 पद पूर्व से ही अतिरिक्त हैं। इसके चलते प्राइमरी के 258 शिक्षकों को ही प्राइमरी के हेड या जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक पद पर प्रमोशन मिल पाएगा।

नगर क्षेत्र के शिक्षकों की चांदी
बेसिक शिक्षा में अक्सर नगर क्षेत्र के शिक्षक उपेक्षा के शिकार हो जाते हैं। प्रमोशन में नगर क्षेत्र की चांदी होने वाली है। नगर में प्राइमरी स्कूलों में हेड के 160 पद स्वीकृत हैं। इन पर केवल 39 हेड ही कार्यरत हैं। हेड के 121 पद रिक्त चल रहे हैं।


इन सभी पदों पर प्रमोशन हो जाएगा। नगर क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूलों में हेड के 124 पद स्वीकृत हैं। इनमें 62 पर हेड कार्यरत हैं जबकि 62 पद रिक्त चल रहे हैं। इन सभी का भी प्रमोशन होगा। ऐसे में नगर में कुल 183 पदों पर प्रमोशन होगा। जबकि पूरे जिले में 441 पदों पर प्रमोशन होगा।


पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी प्रक्रिया

बीएसए संजय सिंह ने बताया कि प्रमोशन प्रक्रिया को दिसंबर के अंत तक पूरा करने की कोशिश है। बरेली में कुल 441 पदों पर शिक्षकों का प्रमोशन होगा। पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।