सांसत: कड़कड़ाती सर्दी की चपेट में उत्तर भारत के राज्य, आज से तीन दिन पश्चिमी यूपी में घने कोहरे की चेतावनी


पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। सर्द हवाओं के असर से उत्तर भारत के कई राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग ने आगामी कुछ दिनों में पारा और लुढ़कने की उम्मीद जताई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में न्यूनतम तापमान 4-8 डिग्री सेल्सियस के बीच है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, दक्षिणी राजस्थान में न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री सेल्सियस के बीच है। अगले चार से छह दिनों के बीच तापमान में तीन डिग्री गिरावट दर्ज की जाने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 24 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की भविष्यवाणी की है।



आज से तीन दिन पश्चिमी यूपी में घने कोहरे की चेतावनी

लखनऊ। मौसम विभाग ने शनिवार से सोमवार के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहने की चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से इस बाबत यलो वार्निंग जारी की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान अयोध्या में दर्ज किया गया। राज्य के अन्य अंचलों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को राजधानी लखनऊ सहित विभिन्न मण्डलों में दिन में कुहासा छाया रहा, दिन में हल्की धूप निकली और शाम होते-होते कोहरा बढ़ गया।