UpdateMarts•Com
Follow Channel

23 December 2023

मानव सम्पदा पोर्टल तीन दिनों से ठप, शिक्षकों के वेतन पर संकट


*मानव सम्पदा पोर्टल प्राइमरी शिक्षकों के लिए इन दिनों सिरदर्द बन गया है। कारण पिछले तीन दिनों से मानव सम्पदा पोर्टल ठप है। नतीजा, प्राइमरी शिक्षक न तो छुट्टियों के आवेदन कर पा रहे हैं और न ही कोई अन्य सरकारी कार्य ही हो पा रहा है। सामान्य आवेदन तक संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अब शिक्षकों को इस महीने वेतन की चिंता सताने लगी है क्योंकि प्रधानाध्यापकों को 23 तारीख तक स्कूल के सभी शिक्षकों की महीने भर की हाजिरी दर्ज करनी होती है। उसी के आधार पर शिक्षकों का वेतन भी बनता है।*


*पोर्टल पर बीच-बीच में इस तरह की समस्याएं होती रही हैं लेकिन इतनी लम्बी अवधि तक पहले कभी नहीं रही। प्राइमरी शिक्षकों को मानव संपदा पोर्टल के जरिए ही छुट्टियों के लिए आवेदन करना होता है। इसके साथ ही अपने अन्य भत्तों के लिए आवेदन सहित स्कूल के संबंध में कई तरह की सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड करनी होती हैं। वहीं हर महीने की 21 से 23 तारीख तक स्कूल के प्रधानाध्यापक को सभी शिक्षकों की महीने भर की हाजिरी और छुट्टियों का ब्योरा भरना होता है। उसके बाद इसे खंड शिक्षा अधिकारी अग्रसारित करते हैं। महीने के अंत तक बीएसए कार्यालय से यह ब्योरा प्रमाणित किया जाता है। तब अगले महीने के पहले सप्ताह में वेतन मिलता है। अब शिक्षकों को यह चिंता सता रही है कि यदि 23 दिसम्बर तक यह ब्योरा नहीं दर्ज हुआ तो फिर अगले महीने वेतन रुक सकता है। ऐसे में नए साल का पहला महीना बिना वेतन के भी रहना पड़ सकता है। दूसरी तरफ में बेसिक शिक्षा के प्रमुख सचिव डॉ. एमकेएस सुंदरम ने कहा है कि जल्द ही तकनीकी दिक्कत दूर कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि वेतन भुगतान में देरी नहीं होने दी जाएगी।*


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more