UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 January 2024

फीस समायोजन के लिए किया घेराव




प्रयागराज,  कोरोना काल में निजी स्कूलों द्वारा ली गई 15 प्रतिशत अतिरिक्त फीस समायोजित करने या स्कूल छोड़ चुके बच्चों को वापस करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल का घेराव किया। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह से फोन पर वार्ता कर न्यायालय और शासन के आदेशों का अनुपालन कराने का आदेश दिया। जो स्कूल न्यायालय के आदेश का पालन नहीं कर रहे उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व मंत्री राकेश कुमार दुबे एवं प्रशांत कुमार शुक्ल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं और अभिभावकों ने डीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में सभी बोर्ड के निजी विद्यालयों द्वारा ली गई मनमानी फीस अगली क्लास में समायोजित नहीं की गई। न ही स्कूल छोड़ चुके बच्चों को वापस की गई। जबकि हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शासन ने भी आदेश जारी किया था।

कहा कि आदेश का अनुपालन न होना न्यायालय के आदेश की अवमानना है। अगर आदेश का पालन नहीं कराया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। घेराव करने वालों में जिला अधिवक्ता संघ के संयुक्त मंत्री पंकज सिंह, कृष्ण चंद्र शुक्ल, अभय मिश्रा, संदीप मिश्र, अविनाश दुबे, कपिल पांडे, बालगोविंद मिश्रा, नरेंद्र प्रताप सिंह आदि शामिल रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more