24 June 2024

खेल शिक्षक ने नस काटकर लगा ली फांसी, पत्नी को जिम्मेदार ठहराया


शिवपुर (वाराणसी), संवाद। शिवपुर के खुशहालनगर कॉलोनी में 24 वर्षीय खेल शिक्षक शिवम श्रीवास्तव ने शनिवार रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। फांसी लगाने से पूर्व उसने कलाई की नस भी काट ली थी। सूचना पर पुलिस पहुंची। कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें पत्नी को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


सकलडीहा (चंदौली) थाने के केशवपुर निवासी जयप्रकाश श्रीवास्तव एक प्रशासनिक अधिकारी के फॉलोवर थे। रिटायरमेंट के बाद परिवार समेत खुशहालनगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। बड़ा बेटा बंगलुरू में खेल शिक्षक है। छोटा शिवम श्रीवास्तव मऊ के सलेमपुर स्थित सेंट पॉल कॉलेज खेल शिक्षक था। शिवम ने 2023 में पांडेयपुर निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। युवती की यह दूसरी शादी थी। पहले पति को वह छोड़ चुकी है।

जयप्रकाश का आरोप है कि शिवम पत्नी के अनुचित व्यवहार से परेशान था। इसे लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। बीते एक जून को बहू ने शिवम से मारपीट की थी। शनिवार को भी दोनों में विवाद हुआ था।

बहू ने थाने में प्रताड़ना का आरोप लगाते झूठी शिकायत की थी। हालांकि बाद में सुलह हो गई। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। जयप्रकाश के मुताबिक इससे शिवम काफी तनाव में था। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सो गया। सुबह काफी देर तक उसका कमरा नहीं खुला तो मां रश्मि ने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जयप्रकाश ने भी कोशिश की।


इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर फंदे से शिवम का शव लटकता मिला। शिवपुर थाना प्रभारी रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि शिवम के पिता ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more