UpdateMarts•Com
Follow Channel

04 August 2024

हर घर तिरंगा अभियान का हो व्यापक प्रचार : मुख्य सचिव


 लखनऊ : हर घर तिरंगा अभियान को इस वर्ष भी व्यापक रूप देने के लिए मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने विस्तृत निर्देश दिए हैं। विशेषकर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सभी जिलों में डीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है।
इस वर्ष भी सभी घरों, सरकारी तथा निजी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों में तिरंगा फहराये जाने का शासनादेश जारी किया गया है। मुख्य सचिव ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। 13 से 15 अगस्त के मध्य हर घर तिरंगा अभियान के दौरान झंडा संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया गया है। यह भी कहा गया है कि सभी सरकारी कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों में खादी का झंडा ही फहराया जाएगा।


झंडों की अतिरिक्त आवश्यकता की आपूर्ति के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में झंडों की आपूर्ति के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन दो करोड़ झंडों का उत्पादन कराएगा जिसका भुगतान पंचायती राज विभाग करेगा। शहरी क्षेत्रों के लिए 50 लाख झंडों का उत्पादन राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के माध्यम से होगा जिसका भुगतान नगर विकास विभाग करेगा। सभी डीएम को एनजीओ, लघु उद्योगों, खादी व ग्रामोद्योग, निजी सिलाई केंद्रों व अन्य उत्पादनकर्ताओं के माध्यम से झंडे बनवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य हथकरघा निगम के पास उपलब्ध झंडों की आपूर्ति शहरी क्षेत्र में की जाएगी, जिसका भुगतान नगर विकास विभाग करेगा। मुख्य सचिव ने राशन की दुकान, पेट्रोल पंप, ग्राम पंचायत भवन, तहसील, विकास खंड कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, जनसुविधा केंद्र व अन्य स्थानों पर झंडों की उपलब्ध सुनिश्चित कराने तथा अभियान का प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया है। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें कार्यक्रम की जानकारी दिए जाने, पुलिस को 13 से 15 अगस्त के मध्य पब्लिक एड्रेस सिस्टम द्वारा झंडा गीत आदि सूचनाओं का प्रसारण करने का निर्देश भी दिया गया है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more